टीम इंडिया के स्पिनर कुलदीप यादव का मानना है कि उनकी गेंदबाजी को महेंद्र सिंह धौनी से बेहतर कोई परख नहीं सकता है। धौनी गुरुवार को श्रीलंका के खिलाफ जब सीरीज का चौथा वनडे खेलने उतरेंगे तो ये उनके करियर में वनडे की ट्रिपल सेंचुरी होगी।
'चाइनामैन' गेंदबाज कुलदीप श्रीलंका के खिलाफ पहले तीन वनडे मैचों में नहीं खेले, लेकिन सीरीज में विजयी बढ़त बनाने के बाद कुलदीप को प्लेइंग इलेवन में जगह मिलने की उम्मीद है क्योंकि कप्तान विराट कोहली प्रयोग करने की कोशिश करेंगे। कुलदीप ने कहा, 'मेरे जैसे युवा गेंदबाज पर एमएस धौनी के प्रभाव के बारे में बताने के लिए शब्द नहीं हैं।'
उन्होंने कहा, 'अगर आप उनसे बात करोगे, जैसे कि पिछले छह महीने से मैं कर रहा हूं, तो बेशक उनसे सीखने के लिए काफी कुछ मिलेगा। मैं अपनी गेंदबाजी को लेकर उनसे बात करता रहता हूं।' कुलदीप ने कहा, 'आपको परखने के लिए उनसे बेहतर कोई नहीं हो सकता है क्योंकि वो विकेट के पीछे से आपको देख रहे होते हैं। वो मुझे बताते रहते हैं कि क्या करने की जरूरत है। मुझे बेहद गर्व है कि मैं उनके साथ खेल रहा हूं और बेहद भाग्यशाली हूं कि उनके 300वें मैच में खेल सकता हूं।'